राज्यः झारखंड विधानसभा में शुक्रवार को वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 का तीसरा अनुपूरक बजट पेश किया. इसमें कुल 6450 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. सदन में शनिवार को इसपर चर्चा होगी.
अनुपूरक बजट में सबसे अधिक 779 करोड़ रुपये का प्रावधान महिला एवं बाल विकास विभाग के लिए किया गया है. इसके बाद 658 करोड़ रुपये पंचायती राज विभाग के लिए और ग्रामीण विकास विभाग के लिए भी 594.88 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. कल्याण विभाग के लिए भी इसमें 76 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.
सहिया के खाते में
आजसू विधायक निर्मल महतो के एक सवाल के जवाब में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सदन में कहा है कि आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर झारखंड के 42 हजार स्वास्थ्य सहिया के खाते में 24-24 हजार रुपये जाएंगे. सहिया को प्रतिमाह मिलने वाले दो-दो हजार रुपये पारिश्रमिक के तहत ही एक वर्ष की राशि दी जाएगी.
विधायक ने पारिश्रमिक की राशि दो हजार से बढ़ाकर दस हजार करने की मांग की थी. जबकि विधायक स्टीफन मरांडी ने भी कहा कि सहिया को कम से कम मइयां सम्मान योजना से अधिक राशि मिले.
