रामगढ़: जेईई मेंस 2026 की दो अप्रैल को होने वाली परीक्षा को लेकर रामगढ़ में राधा गोविंद विश्वविद्यालय में बने सेंटर को रद्द कर दिया गया है.
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज ने विश्वविद्यालय में बने केंद्र पर परीक्षा रद्द कर दी है. अब इस बार परीक्षा राधा गोविंद विश्वविद्यालय के केंद्र में आयोजित नहीं होगी.
विश्वविद्यालय के कुल सचिव निर्मल कुमार मंडल ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 29 मार्च को विश्वविद्यालय के कंप्यूटर लैब में संदिग्ध गतिविधियां सामने आई थीं. कुछ बाहरी लोगों द्वारा बिना अनुमति सिस्टम में छेड़छाड़ की जा रही थी. जांच में पता चला कि टीसीएस के नाम का दुरुपयोग कर जेईई मेंस परीक्षा में गड़बड़ी की साजिश रची जा रही थी.
इस मामले में तीन लोगों को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था.
जांच में सामने आया कि दो से आठ अप्रैल तक चलने वाली इस परीक्षा में चुनिंदा अभ्यर्थियों को पास करने के लिए कंप्यूटर सिस्टम बदले जा रहे थे.
मौके से 70 मानिटर, तीन राउटर, एक सीपीयू, चार मोबाइल और एक वाहन जब्त किया गया है.
रामगढ़ के उपायुक्त ने इस मामले में एसीडीओ को जांच की जिम्मेदारी दी है.
इस बीच अनुमंडल पदाधिकारी ने पूरे घटनाक्रम की जांच रिपोर्ट उपायुक्त को सौंप दी है.
इसमें राधा गोविंद यूनिवर्सिटी में दो से आठ अप्रैल तक होने वाले जेईई मेंस परीक्षा में कंप्यूटर सेट बदलने की योजना बनाने की पुष्टि हुई है.
उपायुक्त ने आगे की कार्रवाई के लिए पूरी रिपोर्ट राज्य सरकार के साथ-साथ नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए), टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) को भेज दी है.
उधर पुलिस की टीम ने गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर साजिश की जानकारी लेने की कोशिशें की है. आगे की जांच जारी है.
