पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को एक बार फिर निर्विरोध रूप से जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए.
नामांकन वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद उनके अलावा किसी अन्य नेता का नामांकन नहीं बचा, जिससे उनका निर्विरोध चुना जाना तय हो गया.
जदयू के राष्ट्रीय सचिव और मुख्यालय प्रभारी मोहम्मद निसार ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि मंगलवार 24 मार्च 2026 सुबह 11 बजे थी.
समयसीमा समाप्त होने के बाद निर्वाचन अधिकारी के पास केवल नीतीश कुमार का ही नामांकन शेष रहा, जिसके चलते उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया गया.
निर्वाचन अधिकारी अनिल प्रसाद हेगड़े ने केंद्रीय कार्यालय में नीतीश कुमार के निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की. इस दौरान पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा में संसदीय दल के नेता संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
हाल ही में नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं. हालांकि अभी वे बिहार में मुख्यमंत्री का पद संभाल रहे हैं. इन दिनों बिहार समृद्धि यात्रा को लेकर अलग- अलग जिलों में जा रहे हैं.
नीतीश कुमार के अध्यक्ष बनने के बाद यह लगभग तय माना जा रहा है कि वे राज्यसभा सदस्य के रूप में दिल्ली की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएंगे, जबकि पार्टी की कमान अपने पास ही रखेंगे. गौरतलब है कि राजीव रंजन सिंह के अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद नीतीश ने यह जिम्मेदारी संभाली थी और अब वे चौथी बार जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं.
