जमुई/पटनाः जमुई के टाउन थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की और उसके दोस्त के साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने अब तक तीन युवकों को गिरफ्तार किया है.
बिहार की एडीजी लॉ एंड ऑर्डर केएस अनुपम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस की कार्रवाई की जानकारी दी.
मामले की जांच के लिए SIT बनाई गई है. इसकी निगरानी जमुई SDPO के नेतृत्व में की जा रही है.
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में दो की उम्र 17 से 18 साल के बीच है.
इस मामले में जमुई थाने में बीएनएसएस की धारा 128, 74 और 75 के साथ पॉक्सो एक्ट के के तहत केस दर्ज किया गया है.
इससे पहले पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज किया है.
सोशल मीडिया अकाउंट्स की भी जांच
पुलिस अधिकारी के मुताबिक जांच सिर्फ आरोपियों तक ही सीमित नहीं है. वायरल वीडियो को सोशल मीडिया पर फैलाने वाले अकाउंट्स की भी जांच की जा रही है., अब तक 13 फेसबुक, 12 इंस्टाग्राम और 7 X अकाउंट्स के खिलाफ टेकडाउन कार्रवाई की गई है. यानी कुल 32 सोशल मीडिया अकाउंट्स पर वीडियो हटाने की कार्रवाई हुई है.
केएस अनुपम ने बताया कि जांच में अभी तक 7 से 8 युवकों के नाम सामने आने की बात कही गई है. जांच में जो भी व्यक्ति इस घटना में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होगी. आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है. पुलिस अभी वायरल वीडियो और दूसरे सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. एसआईटी की जांच पूरी होने के बाद इस मामले में शामिल दूसरे लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी.
7-8 युवकों के नाम सामने आए हैं
उधर जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया है कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दीप्ति मोनाली की अगुवाई में एसआईटी गठिक की गई है. इस संवेदनशील मामले में जमुई पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई है. वायरल वीडियो में आरोपियों की पहचान कर ली गई है. तीन लोग गिरफ्तार किए गए हैं. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
उन्होंने बताया कि पीड़ित की पहचान कर घटना स्थल का पता कर लिया गया है. सोशल मीडिया पर जारी वीडियो को टेकडाउन के लिए कार्रवाई की जा चुकी है.
जो तीन लोग गिरफ्तार किए गए हैं, वे मड़वा गांव के रहने वाले हैं. एक मोबाइल भी बरामद किया गया है. उसमें भी यह वीडियो पाया गया है.
पीड़िता ने बताया है कि 19 सितंबर की शाम पीड़िता अपने दोस्त के साथ फोटो शूट करने के लिए मड़वा-प्रतापपुर की ओर गए थे. इसी दौरान उनके साथ इस घटना को अंजाम दिया गया है.
वायरल वीडियो में
वायरल वीडियो में नाबालिग़ छात्र-छात्रा एक बाइक पर बैठे हुए हैं और युवकों की भीड़ ने उन्हें घेर रखा है. इसी दौरान छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न किया जा रहा है. वहीं छात्र, युवकों के समूह से अपनी साथी छात्रा को बचाने की कोशिश कर रहा है. छह-सात लोग वायरल वीडियो के फ्रेम में दिख रहे हैं.
