जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के पूर्व नेता के सी त्यागी रविवार को राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) में शामिल हो गए. उन्होंने रालोद अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की.
रालोद में शामिल होने के बाद त्यागी ने कहा कि दोनों दलों में कोई फर्क नहीं है क्योंकि दोनों ही पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और समाजवादी नेता राम मनोहर लोहिया के आदर्शों पर चलते हैं.
त्यागी ने यह भी कहा, “रालोद और जदयू में कोई अंतर नहीं है. दोनों पार्टियों के मार्गदर्शक नेता एक ही हैं: चौधरी चरण सिंह, डॉ. लोहिया और कर्पूरी ठाकुर.
उन्होंने कहा कि वह पार्टी में विधायक या सांसद बनने नहीं, बल्कि रालोद प्रमुख जयंत चौधरी को चौधरी चरण सिंह की तरह बनते हुए देखने आए हैं. देश के प्रधानमंत्री रह चुके चौधरी चरण सिंह जयंत के दादा हैं.
उन्होंने रालोद में रहने के दौरान चौधरी चरण सिंह के दृष्टिकोण और आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.
रालोद जदयू की तरह ही भाजपा का सहयोगी और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (राजग) का घटक है.
उन्होंने मंगलवार को जदयू छोड़ने की घोषणा की थी. हालांकि उन्होंने इसके लिए कोई कारण नहीं बताया था.
जदयू के साथ कब आए
केसी त्यागी अक्टूबर 2003 में समता पार्टी और जनता दल के विलय से बने जदयू से जुड़े रहे. उन्होंने जदयू में मुख्य महासचिव, मुख्य प्रवक्ता और राजनीतिक सलाहकार सहित विभिन्न पदों पर कार्य किया. वे राज्य सभा के सदस्य भी रहे. इससे पहले 1989 में वे लोकसभा का चुनाव जीते थे. समाजवादी पार्टी में भी वे महासचिव रहे.
जदयू में रहते हुए उन्हें नीतीश कुमार का विश्वसनीय के तौर पर देखा-माना जाता रहा.
त्यागी का अपनी पार्टी में स्वागत करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि वह रालोद को ‘नयी ऊर्जा और शक्ति’ प्रदान करेंगे.
रालोद प्रमुख ने त्यागी के साथ पार्टी में शामिल हुए अन्य सभी नेताओं का भी स्वागत करते हुए कहा, ‘‘सभी पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से, मैं उनका स्वागत करता हूं और उनके प्रति आभार व्यक्त करता हूं.’’
