प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राज्यसभा में मध्य पूर्व के संकट पर अपना संबोधन दिया. पीएम मोदी ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में दुनिया के कई जहाज़ फंसे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में भारतीय क्रू मेंबर्स भी हैं.
पीएम मोदी ने कहा, “कमर्शियल जहाज़ों पर हमला और होर्मुज़ स्ट्रेट जैसे अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में रुकावट अस्वीकार्य है. युद्ध के बाद से ही होर्मुज़ स्ट्रेट में जहाज़ों का आना जाना बहुत चुनौतीपूर्ण हो गया है. भारत ने नागरिकों पर, सिविल इन्फ़्रास्ट्रक्चर पर, एनर्जी और ट्रांसपोर्ट से जुड़े इन्फ़्रास्ट्रक्चर पर हमलों का विरोध किया है.”
“लेकिन विपरीत परिस्थितियों के बावजूद, हमारी सरकार ने संवाद और कूटनीति के जरिए रास्ते बनाने का प्रयास किया है.”
उन्होंने बताया, “प्रयास ये है कि जहां से भी संभव हो, वहां से तेल और गैस की सप्लाई भारत पहुंचे. ऐसी हर कोशिश के नतीजे भी देश देख रहा है. बीते कुछ दिनों में दुनिया के अनेक देशों से कच्चा तेल और एलपीजी से भरे जहाज़ भारत आए हैं. इस दिशा में हमारे प्रयास, आने वाले दिनों में भी जारी रहेंगे.”
