एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन देश के अगले उपराष्ट्रपति चुने गए हैं. मंगलवार को उपराष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनावों में उनके समर्थन में कुल 452 वोट पड़े.
विपक्षी पार्टियों के साझा उम्मीदवार के तौर पर सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस बी सुदर्शन रेड्डी सुदर्शन रेड्डी को 300 फ़र्स्ट प्रेफ़रेंस वोट मिले और सीपी राधाकृष्णन को 452.
उपराष्ट्रपति चुनाव के निर्वाचन अधिकारी पीसी मोदी ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर बताया कि मतगणना शाम छह बजे शुरू हुई.
उन्होंने बताया कि कुल 767 सांसदों ने उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट दिया. इनमें से 752 वैलिड थे और बाकी अमान्य करार दिए गए.
पीसी मोदी ने कहा कि उपराष्ट्रपति चुनाव के नियमों के मुताबिक, सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुना गया है.
हालांकि, संख्या बल एनडीए के समर्थन में रहने की वजह से सीपी राधाकृष्णण का जीतना पहले से तय माना जा रहा था. लेकिन ऐसी भी अटकलें थी कि क्रॉस वोटिंग हो सकती है.
उपराष्ट्रपति पद के लिए हुए पिछले चुनाव में एनडीए के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ ने बड़ी जीत हासिल की थी.
लेकिन जुलाई में धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफ़ा दे दिया था. धनखड़ के इस्तीफे के बाद यह चुनाव कराया गया.
कौन हैं सीपी राधाकृष्णन
महाराष्ट्र से पहले सीपी राधाकृष्णन ने झारखंड के राज्यपाल पद की जिम्मेदारी भी संभाली है. वह दो बार लोकसभा के सांसद भी चुने गए हैं.
सीपी राधाकृष्णन का पूरा नाम चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन है. उनका जन्म 20 अक्टूबर 1957 को हुआ था. राधाकृष्णन 31 जुलाई 2024 से महाराष्ट्र के 24वें और वर्तमान राज्यपाल के रूप में कार्यरत हैं.
उन्होंने फरवरी 2023 से जुलाई 2024 तक झारखंड के राज्यपाल, मार्च 2024 से जुलाई 2024 तक तेलंगाना के राज्यपाल और पुडुचेरी के उपराज्यपाल के रूप में भी कार्य किया है.
राधाकृष्णन भाजपा के सदस्य थे. इस दौरान, वे कोयंबटूर से दो बार लोकसभा के लिए चुने गए. वे तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भी रहे.
