गुमलाः झारखंड के गुमला में सुरक्षा बलों ने झारखंड जन मुक्ति परिषद के तीन उग्रवादियों को एक मुठभेड़ में मार गिराया है. मुठभेड़ के बाद पुलिस तलाशी अभियान में जुटी है.
यह मुठभेड़ जेजेएमपी के सुप्रीमो ब्रजेश यादव के दस्ते के साथ गुमला जिले के विशुनपुर प्रखंड के केचकी जंगल में हुई है. पुलिस मुख्यालय ने तीन उग्रवादियों के मारे जाने की पुष्टि की है. पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एके 56, एक इंसास, और एक एसएलआर बरामद किए हैं.
मारे गए उग्रवादियों में इनामी कमांडर लालू लोहरा के अलावा सुजीत उरांव और छोटू उरांव शामिल है.
पुलिस को सूचना मिली थी कि जेजेएमपी के उग्रवादी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए बिशनपुर इलाके में जमा हुए हैं.
सूचना के बाद झारखंड जगुआर और गुमला जिला बल की गठित संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस की टीम जैसे ही केचकी जंगल पहुंची, उग्रवादियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीन उग्रवादी मारे गये.
राज्य के पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता और आईजी अभियान माइकल एस गुमला पहुंचे हैं. वहां उन्होंने पुलिस के जवानों की हौसला बढ़ायी.
अनुराग गुप्ता ने कहा है कि झारखंड में बचे-खुचे नक्सली सरेंडर कर दें, उनके हित मे होगा, वर्ना वे मारे जाएंगे.
