झारखंड में घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के लिए 11 नवंबर को उपचुनाव होगा. वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी.
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर तारीखों की घोषणा के साथ देश के अलग- अलग राज्यों में होने वाले उपचुनावों का भी एलान किया गया है.
दिल्ली में एक प्रेस काफ्रेंस में केंद्रीय चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया है कि बिहार विधानसभा चुनाव के साथ जम्मू कश्मीर, ओडिशा, झारखंड, मिजोरम, पंजाब, तेलंगाना और राजस्थान में 11 नवंबर को उपचुनाव होंगे. मतगणना 14 नवंबर को होगी.
उपचुनाव की अधिसूचना 13 अक्टूबर को जारी होगी. नामांकन करने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर है. नामांकन पत्रों की जांच 21 अक्टूबर को होगी. 22 अक्टूबर तक प्रत्याशी नामांकन वापस ले सकेंगे.
अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित घाटशिला सीट सत्तारूढ़ जेएमएम के विधायक और हेमंत सोरेन सरकार में शिक्षा मंत्री रहे रामदास सोरेन के निधन से खाली हुई है.
2024 में हुए विधानसभा चुनाव में रामदास सोरेन ने बीजेपी के बाबूलाल सोरेन को हराया था. बाबूलाल सोरेन चंपाई सोरेन के पुत्र हैं और इस बार भी वे चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं. हालांकि अभी बीजेपी ने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है.
उधर सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा से रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन का चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है. वे लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं.
रविवार को जेएमएम के नेता और सरकार में मंत्री दीपक बिरूआ तथा सुदिव्य कुमार ने घाटशिला में चुनाव की तैयारी को लेकर एक बैठक भी की है.
हालांकि जेएमएम ने भी आधिकारिक तौर पर अभी प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है. हेमंत सोरेन की इस उपचुनाव पर सीधी नजर है.
रविवार को ही बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी घाटशिला चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक की है.
गौरतलब है कि उपचुनाव को लेकर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है.
झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने पिछले दिनों बताया था कि इस क्षेत्र के लिए अब वोटरों की संख्या बढ़कर 2,55,823 हो गई है. जबकि मतदान केंद्रों की संख्या 300 है.
