बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए में सीट बंटवारे के बाद नामांकन दाखिल करने का दौर तेज है. इस बीच सीएम चेहरे को लेकर भी बातें होने लगी है.
पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के नेता जीतनराम मांझी ने कहा है कि बिहार में चुनावों से पहले एनडीए के सीएम पद के चेहरे की घोषणा की जानी चाहिए.
जीतनराम मांझी ने कहा, “अमित शाह एनडीए के बड़े नेताओं में एक हैं और उन्होंने जो कहा है उसे आधिकारिक बयान माना जाना चाहिए. हालांकि व्यक्तिगत तौर पर मैं मानता हूं कि नेता का नाम यानी बिहार के संभावित मुख्यमंत्री का नाम चुनाव से पहले घोषित होना चाहिए.”
उन्होंने कहा, ” चुनाव को लेकर कुछ भी अस्पष्ट नहीं रहना चाहिए. यही महागठबंधन में मौजूद है, इसलिए आज तक उनकी सीटें तय नहीं हुई हैं.”
इससे पहले अमित शाह ने पटना में एक निजी चैनल के कार्यक्रम में कहा था बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फ़ैसला विधायक दल की बैठक में होगा.
इसके बाद से राजनीतिक गलियारे में हलचल मची है और प्रतिक्रियाएं भी सुनी जा रही हैं.
हालांकि बीजेपी बिहार ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, “ क्लिप काट कर झूठ फैलाना छोड़ो और चेक करो कि आपका गठबंधन बचा है कि नहीं?”
बीजेपी ने एक अमित शाह के कार्यक्रम की एक क्लिप भी साझा की है, जिसमें वो कह रहे हैं कि अभी हम (एनडीए) नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ रहे हैं.
