घाटशिला: घाटशिला उपचुनाव के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन ने शुक्रवार को अनुमंडल कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया.
जेएमएम के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमेश का नामाकन दाखिल कराने पहुंचे थे.
नामांकन के दौरान सत्तारूढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश भी उनके साथ मौजूद रहे. इस दौरान समर्थकों की भारी भीड़ जुटी. नामाकन के बाद जेएमएम की एक बड़ी सभा हुई. इसे शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा गया. इस सभा में जेएमएम के कई मंत्री, सांसद, विधायक शामिल थे.
हेमंत सोरेन ने इस सभा में हुंकार भरते हुए कहा कि बीजेपी वालों की जमानत जब्त करायेंगे. उन्होंने कहा कि एक दर्जन सीएम ने यहां डेरा डाल रखा है. वे दो दर्जन भी आएंगे, तो हमारे सामने नहीं टिकेंगे. सोरेन ने संताली भाषा में भी काफी देर तक भाषण किया. रामदास सोरेन और दिशोम गुरु शिबू सोरेन को याद किया. जेएमएम के संघर्ष की चर्ची की. अपनी सरकार की प्रतिबद्धता बतायी.
सोमेश सोरेन ने भी भाषण किया. इस दौरान वे भावुक दिखे. उन्होंने लोगों से वोट की अपील की.
