पटनाः बिहार विधानसभा चुनावों की तीराख नजदीक आने के साथ शुक्रवार को पटना में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने अपना चुनावी संकल्प पत्र जारी किया है.
इसमें चुनाव से पहले बिहार के लिए कई तरह के वादे किए गए हैं.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, पार्टी के चुनाव प्रभारी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान और हम प्रमुख जीतन राम मांझी की मौजूदगी में पेश किए गए इस संकल्प पत्र में बिहार को “विकसित और आत्मनिर्भर राज्य” बनाने का वादा है.
संकल्प पत्र के मुताबिक, एनडीए ने एक करोड़ से अधिक नौकरियों और रोजगार के अवसर सृजित करने का वादा किया है.
इसके साथ ही गठबंधन ने 1 करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने का भी वादा किया है.
शिक्षा के मोर्चे पर गरीब परिवारों के बच्चों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा देने की घोषणा की गई है. हर जिले में मॉडल स्कूल, आवासीय विद्यालय और आधुनिक स्किल लैब स्थापित करने का भी वादा किया गया है.

संकल्प पत्र की प्रमुख बातों की चर्चा करें तो-
बिहार में एक करोड़ से ज़्यादा सरकारी नौकरी और रोज़गार देने का वादा किया गया है.
साथ ही राज्य के हर ज़िले में फ़ैक्टरी और 10 नए औद्योगिक पार्क बनाने का वादा भी इसमें शामिल है.
इसके अलावा संकल्प पत्र में-
महिला रोज़गार योजनाओं से महिलाओं को 2 लाख रुपये की सहायता राशि का वादा
किसान सम्मान निधि को 6 हज़ार रुपये से बढ़ाकर 9 हज़ार रुपए करने का वादा
50 लाख नए पक्के मकान, मुफ़्त राशन और 125 यूनिट मुफ़्त बिजली का वादा
हर ज़िले में मेडिकल कॉलेज बनाने का वादा
चार नए शहरो में मेट्रो ट्रेन चलाने का वादा और
ईबीसी वर्ग की जातियों को 10 लाख रुपये तक की सहायता का वादा किया गया है.
