रांचीः झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में दखल देना शुरू कर दिया है. पार्टी के प्रमुख जयराम कुमार महतो ने जंगल महल के रास्ते गोलबंदी करना शुरू कर दिया है. रविवार को इसी सिलसिले में पुरुलिया जिले के जयपुरर थाना क्षेत्र में एक बड़ी सभा कर जयराम ने अपपनी ताकत का प्रदर्शन किया.
जयपुर थाना क्षेत्र के फॉरेस्ट मोड़ स्थित गोविंद महतो स्टेडियम में जयराम ने जंगल महल के लोगों के पिछड़ेपन और विकास की धीमी गति पर पश्चिम बंगाल सरकार पर हमला बोला.
इसके साथ ही उन्होंने एलान किया कि पश्चिम बंगाल में 2026 में होने वाले विधानसभा चुनाव में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा सक्रिय रूप से हिस्सा लेगी. पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के सवालों को लेकर जनता के साथ अपनी भागीदारी बढ़ायेगी.
उन्होंने कहा कि ममता दीदी की सरकार ने इस इलाके की उपेक्षा की है.
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दीदी खेला होबे की राजनीति करती है. लेकिन जंगल महल के इलाके के लिए कोई ठोस पहल नहीं करती. उन्होंने सीएनटी एक्ट लागू करने की मांग बी की.
सुदेश महतो और अजीत महतो पर निशाना
जयराम महतो ने आजसू प्रमुख सुदेश महतो और कुड़मी आदिवासी समाज के नेता अजीत महतो पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सुदेश महतो के इशारे पर अजीत महतो हमें टार्गेट करते रहे हैं. लेकिन मेरे लिए समाज पहले है और राजनीति बाद में. समाज की बात हम करते रहेंगे. समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा.
विशाल सभा के बाद जयराम महतो ने सोशल मीडिया पर टिप्पणी की है कि उम्मीदों और अनुभवों से ज्यादा जनसमर्थन मिला. इसके लिए जंगल महल के लोगों के प्रति उन्होंने आभार प्रकट किया. इससे पहले बड़ी तादाद में युवाओं ने जयराम का सड़कों पर स्वागत किया और सभा स्थल तक ले गये.
