रांचीः धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर मोरहाबादी मैदान, रांची में राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि झारखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है. बदल रहा है. हमारा राज्य देश के अग्रणी राज्यों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने को तैयार है.
उन्होंने कहा कि प्रदेश के वीर शहीदों और पूर्वजों के सपनों का झारखंड बनने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरे उत्साह के साथ झारखंड राज्य स्थापना दिवस मनाया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस राज्य ने धरती बाबा भगवान बिरसा मुंडा, सिदो कान्हू, नीलाम्बर- पीताम्बर एवं टाना भगत जैसे कई वीर सपूतों को जन्म दिया है. उन्होंने इस देश और राज्य के लिए अपनी शहादत दी. उनकी शहादत और त्याग का नतीजा है कि आज हर झारखंडी, मूलवासी-आदिवासी सिर उठाकर खड़ा है और गर्व के साथ कह सकता है- हम झारखंडी हैं.
आदिवासी इस देश के मूलवासी और प्रथम वासी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जंगल और जमीन की खातिर हमारे आदिवासी- मूल वासियों में अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया था. आदिवासी इस देश के मूलवासी हैं…प्रथम वासी हैं. आज हमें अपनी परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ समृद्ध करना है. विश्व पटल पर इसे स्थापित करना है. इसके लिए सभी को कदम से कदम मिलाकर चलना होगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित देश तभी बन सकता है, जब राज्य विकसित होगा और राज्य तभी विकसित होगा जब हमारा गांव विकसित होगा। हमारी सरकार इसी बात को ध्यान में रखकर गांव को मजबूत बनाने की दिशा में पूरी ताकत के साथ काम कर रही है. गांव की समृद्धि से ही राज्य और देश की खुशहाली- उन्नति का रास्ता खुलता है.
प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा, “झारखंड प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है. प्रकृति ने इस राज्य की धरती के अंदर और धरती के ऊपर अनेकों चीज दी है।. यह राज्य सिर्फ खनिज संसाधनों नहीं बल्कि पर्यटन और खेल जैसे कई क्षेत्रों में अलग पहचान के लिए जाना जाता है. यहां के मेहनतकश श्रम बल आज देश को आगे ले जाने में अहम भूमिका निभा रहा है. हमारी सरकार अपनी इन क्षमताओं को पहचानते हुए एक ऐसा रास्ता तैयार करने का प्रयास कर रही है , जहां आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए अपार संभावनाएं दिखे.”
झारखंड तेजी से बदल रहा है
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में इस राज्य में काफी कुछ बदला है. राज्य में अब और तेजी से बदलाव हो रहा है। राज्य को आगे ले जाने में जो व्यवधान आ रहे थे, उसे दूर करने का प्रयास हो रहा है.
महिलाओं को बना रहे हैं सशक्त
हेमंत सोरेन ने कहा कि आधी आबादी को सशक्त बनाने के लिए हमारी सरकार ने निर्णायक कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री मइंया सम्मान योजना का प्रभाव साफ देखने को मिल रहा है. हमारी सरकार शुरू की गई इस योजना को कई अन्य राज्यों द्वारा भी अमल में लाया गया है. महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़े, इसके लिए सरकार हर मोर्चे पर उन्हें सहयोग कर रही है.
नए -नए आयाम जोड़ जा रहे हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और पर्यटन समेत सभी क्षेत्रों में कई नए आयाम जोड़ने का काम हमारी सरकार कर रही है. उन्होंने कहा कि राज्य को सजाने- संवारने और सर्वांगीण विकास के लिए हर किसी को अपनी दायित्व का निर्वहन करना होगा. सभी के सहयोग से अपने झारखंड को एक मजबूत राज्य बना सकते हैं.
नए -नए आयाम जोड़ जा रहे हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और पर्यटन समेत सभी क्षेत्रों में कई नए आयाम जोड़ने का काम हमारी सरकार कर रही है. उन्होंने कहा कि राज्य को सजाने- संवारने और सर्वांगीण विकास के लिए हर किसी को अपनी दायित्व का निर्वहन करना होगा. सभी के सहयोग से अपने झारखंड को एक मजबूत राज्य बना सकते हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम झारखंड राज्य की 25वीं वर्षगांठ बना रहे हैं लेकिन, हमें आने वाले 25 वर्षों को ध्यान में रखकर प्रकृति के साथ संतुलन बनाते हुए झारखंड बनाने की तैयारी करनी होगी. हमारे पूर्वजों ने जो गरीबी,शोषण और अत्याचार का दंश झेला है. उससे बाहर निकल कर अपने को इस कदर मजबूत बनाना है कि हम अपने साथ इस राज्य को भी ताकत देने का काम कर सकें.
