बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को राज्यपाल अरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की और उन्हें वर्तमान विधानसभा को भंग करने की सिफारिश करने वाले कैबिनेट के निर्णय के बारे में जानकारी दी.
इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में विधानसभा को भंग करने और सरकार के इस्तीफे के एजेंडे से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई.
इसके बाद नीतीश कुमार अपने सहयोगियों के साथ राजभवन पहुंचे. राज्यपाल से मिलकर उन्होंने कैबिनेट के फैसले की जानकारी दी.
जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में तीन प्रस्तावों की स्वीकृति दी गई है.
उन्होंने बताया कि वर्तमान विधानसभा 19 नवंबर के प्रभाव से विघटित करने की अनुशंसा कैबिनेट ने की है. मुख्यमंत्री ने महामहिम को यह अनुशंसा सौंप दी है.
इस बीच बिहार के कैबिनेट मंत्री प्रेम कुमार ने बताया, नई सरकार 20 नवंबर को शपथ लेगी.
मंत्री प्रेम कुमार ने बताया, “नई सरकार बनने जा रही है. 20 तारीख़ को शपथ ग्रहण होगा. आज की बैठक (कैबिनेट) का यह निर्णय था. 19 तारीख़ को बिहार विधानसभा भंग की जाएगी.”
उन्होंने कहा, “पटना के गांधी मैदान में ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह होगा. इसमें प्रधानमंत्री जी और बीजेपी के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे.”
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए ने 202 सीटें जीती हैं. वहीं महागठबंधन के खाते में महज़ 35 सीटें आई हैं.
