रांचीः झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने झारखंड बीजेपी के अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के साथ धनबाद के एक कोयला कारोबारी एलबी सिंह की मुलाकात की तस्वीर को लेकर सवाल खड़े करते हुए कहा है कि जांच एजेंसी ईडी को दोनों के बीच संबंधों का खुलासा करना चाहिए.
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि 20, 21, 22 नवंबर को धनबाद में ईडी ने एलबी सिंह के यहां छापेमारी की थी. लेकिन गिरफ्तारी नहीं हुई.
उन्होंने आरोप लगाया कि गिरफ्तारी इसलिए नहीं हुई क्योंकि कुछ डायरी में बीएलएम के नाम से बड़ी राशि हर माह अंकित थी. वैसे सभी जानते हैं कि एलबी सिंह का बाबूलाल मरांडी के साथ फेस टू फेस क्या संबंध है. ईडी को इसका खुलासा करना चाहिए.
झामुमो महासचिव ने आरोप लगाया कि एक समय सीएम हेमंत सोरेन के यहां ईडी की टीम आई थी. पूरे घर को सीआरपीएफ ने घेर लिया था. ईडी की टीम घर में गई. उनसे पूछताछ हुई और राजभवन से उनको गिरफ्तार कर लिया. लेकिन जब एलबी सिंह के यहां ईडी गई तो दो घंटे तक दरवाजा बंद रखा गया. पालतू कुत्तों से हमला करवाया गया. ये सब ईडी का बयान है. उनके घर से मिले इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज को डिलीट कर दिया गया.
झामुमो नेता ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को भी स्पष्ट करना चाहिए कि क्या उनके साथ संबंध होने की वजह से एलबी सिंह को गिरफ्तार नहीं किया गया.
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कोयला तस्करी का हवाला देते हुए बाबूलाल मरांडी आरोप लगाते है कि उनको पुलिस पदाधिकारियों का नाम पता है. फेस टाइम की बात कर रहे हैं. उनको सबूत देना चाहिए.
