धनबादः कोयना नगरी धनबाद में चर्चित मोहम्मद शहाबुद्दीन सिद्दीकी हत्याकांड में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस का दावा है कि इन दो लोगों में मुख्य शूटर बमकर बमकर चौधरी उर्फ पंकज चौधरी और उसके सहयोगी दीपक वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है.
शहाबुद्दीन सिद्दीकी की हत्या धनबाद के असर्फी अस्पताल के निकट एक अक्टूबर 2024 को हुई थी.
डीएसपी विधि व्यवस्था नौशाद आलम ने शनिवार को धनबाद थाना में मीडिया को बताया है कि इस केस में उनके नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई थी. शुक्रवार की शाम से शहर के कई इलाकों में छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान बमकर चौधरी को गिरफ्तार किया गया.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक पूछताछ में उसने हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि हत्या में शामिल बाहरी राज्यों के शूटरों को धनबाद में ठहराने और सुरक्षित ठिकाने उपलब्ध कराने का काम दीपक वर्मा करता था. बमकर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने शनिवार की सुबह दीपक वर्मा के ठिकाने पर दबिश देकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में दीपक ने स्वीकार किया कि वह प्रिंस खान गिरोह से जुड़ा है और बाहरी शूटरों के रहने-खाने की व्यवस्था करने के अलावा स्थानीय व्यापारियों से वसूली गई लेवी को गिरोह तक पहुंचाता है.
