रांचीः दिल्ली में हुई कांग्रेस की वोट चोरी रैली में भाग लेने गए झारखंड कांग्रेस के विधायकों और सरकार में शामिल मंत्रियों ने महासचिव सह संगठन प्रभारी के सी वेणुगोपाल से मिले.
इस मुलाकात में मंत्रियों और विधायकों ने उन्हें बताया कि झारखंड में महागठबंधन एकजुट है और सरकार भी ठीक चल रही है. रही बात पार्टी के विधायकों की मंत्रियों से कामकाज को लेकर गिले- शिकवे की, तो वह भी दूर कर लिए गए हैं.
बैठक में तमाम विधायकों ने एक राग में कहा कि महागठबंधन के साथ, किसी भी प्रकार का मतभेद नहीं है. जबकि संगठन महामंत्री ने जनता की समस्याओं पर काम करने की नसीहत दी. साथ ही मंत्रियों से कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी ठीक से निभाएं. जनता से पार्टी ने जो वादे किए हैं, उसे पूरे किए जाएं. उन्होंने भाजपा की चाल और सरकार को अस्थिर करने की कोशिशों से सचेत रहने को भी कहा.
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने राज्य में चल रहे संगठन सृजन अभियान को लेकर संगठन प्रभारी को सभी बातों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि एसआईआऱ को लेकर पार्टी के निर्देशों का गभीरता से पालन किया जा रहा है. राज्य के तमाम प्रखंडों में हम बीएलए बनाने की शुरूआत कर चुके है. साथ ही ग्राम पंचायत कमिटी, वार्ड कमिटी का गठन भी जोरों से चल रहा है.
केसी वेणुगोपाल से मिलने वालों में झारखंड प्रभारी के राजू, सहप्रभारी डॉ सिरिवेल्ला प्रसाद, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, उपनेता राजेश कच्छप, मंत्री राधा कृष्ण किशोर, डॉ इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक- डॉ रामेश्वर उरांव, कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह, रामचंद्र सिंह, सोना राम सिंकू, भूषण बाड़ा, ममता देवी, सुरेश बैठा, नमन विक्सल कोंगाड़ी शामिल थे.
