रांचीः आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में जांच के दौरान एंटी करप्शन ब्यूरो को पता चला है कि आईएएस विनय चौबे की पत्नी स्वप्ना संचिता ने रांची में एक करोड़ का एक व्यवसायिक भवन 26 लाख रुपये में खरीदा था.
यह भवन फिरायालाल कंपाउंड में है. स्पवना संचिता ने यह संपति जतिन सहाय नामक व्यक्ति से खरीदी गई है, जो 5.33 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले के मामले में आरोपी है. इस संपत्ति को 2019 में खरीदी गई थी. रजिस्ट्री के समय 95 हजार रुपये का भुगतान बतौप स्टांप डयूटी किया गया था.
एसीबी को आशंका है कि भवन खरीदने में काले धन का इस्तेमाल किया गया है. लेकिन इसे सर्कल रेट से कम दिखाया गया. एसीबी अब यह पता लगा रही है कि खरीद के समय संपत्ति का बाजार मूल्य क्या था और इसे कम कीमत पर क्यों बेचा गया.
आय से अधिक संपत्ति के मामले में बुधवार को जांच एजेंसी ने विनय चौबे के साले से पूछताछ की. इससे पहले स्वपना संचिता से भी जांच एजेंसी ने लंबी पूछताछ की थी.
जांच एजेंसी को यह भी पता चला है कि बैंक घोटाले में आरोपित जतिन सहाय और नेक्सजेन के संचालक विनय कुमार सिंह के बीच व्यावसायिक संबंध रहे हैं. दोनों ही फ्लोरेंस हेल्थकेयर नामक कंपनी में निदेशक रह चुके हैं. इसके अतिरिक्त विनय सिंह का संबंध कई अन्य कंपनियों से भी है.
विनय चौबे अभी वन भूमि घोटाले में जेल में बंद हैं. शराब घोटाले में भी वे आरोपी हैं, लेकिन इस घोटाले में उन्हें जमानत मिल गई है. गिरफ्तारी के बाद सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया है.
