रांचीः झारखंड की डीजीपी नियुक्त किए जाने के बाद तदाशा मिश्रा ने बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक के पद पर नियुक्ति और पदस्थापन के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं.
भेंट के दौरान राज्य की कानून व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा और पुलिस प्रशासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी संक्षिप्त चर्चा हुई.
इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने और कानून व्यवस्था को चुस्त रखने पर जोर दिया.
गौरतलब है कि झारखंड सरकार ने 30 दिसंबर को तदाशा मिश्रा को डीजीपी के पद पर नियुक्त किया है.
वे अगले दो साल तक झारखंड पुलिस प्रमुख के पद पर काम करेंगी.
अभी वे प्रभारी डीजीपी के तौर पर कार्य भार संभाल रही थीं. पिछले 6 नवंबर को उन्हें प्रभारी डीजीपी की जिम्मेदारी दी गई थी. वे 1994 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं.
उनकी नियुक्ति झारखंड में पुलिस प्रमुख के चयन एवं नियुक्ति नियमावली 2025 के संशोधित प्रावधान के तहत किया गया है. दरअसल, उनकी वास्तविक सेवानिवृत्ति तिथि 31 दिसंबर 2025 थी.
आईपीएस में प्रोन्नत छह अफसरों को बैज
झारखंड राज्य पुलिस सेवा के छह अधिकारियों ने बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की. इन सभी अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) रैंक में पदोन्नति प्रदान की गई है.
पदोन्नत हुए अधिकारियों से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें बधाई दी और इन अधिकारियों को आईपीएस बैज पहनाकर सम्मानित किया. इस दौरान राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, डीजीपी तदाशा मिश्रा भी मौजूद रहे.
राज्य पुलिस सेवा के जिन छह पुलिस अधिकारियों को आईपीएस में प्रोन्नति मिली है उनमें राम समद, रोशन गुड़िया, अविनाश कुमार, राजेश कुमार, मजरूल होदा, दीपक कुमार शामिल हैं.
