देवघरः मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने देवघर दौरे के दौरान बीएलओ संवाद कार्यक्रम में कहा कि शुद्ध मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का आधार है. उन्होंने मतदाता गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान किसी भी पात्र मतदाता के सूची से वंचित नहीं रहने का भरोसा जताया. इसके साथ ही बीएलओ की तैयारियों की जानकारी ली.
मंगलवार को उन्होंने श्री श्री मोहनानंद +2 विद्यालय में आयोजित बीएलओ संवाद कार्यक्रम अधिकारियों को संबोधित किया. साथ ही यह उम्मीद जतायी है कि मतदाता गहन पुनरीक्षण के दौरान कोई भी पात्र भारतीय मतदाता सूची से वंचित नहीं रहेगा.
बीएलओ संवाद कार्यक्रम में उन्होंने कहा, “लोकतंत्र की मजबूती शुद्ध मतदाता सूची पर निर्भर करती है. शुद्ध मतदाता सूची का आधार तैयार करने में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की बड़ी भूमिका होती हैं. वर्तमान में देशभर में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण का कार्य विभिन्न चरणों में संचालित किया जा रहा है. झारखंड में भले ही अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई हो, लेकिन यहां के बीएलओ की तैयारी यह संकेत देती है कि कोई भी पात्र भारतीय मतदाता सूची से वंचित न रहे के लक्ष्य को पूरी गंभीरता से हासिल कर लिया जाएगा.”
सत्यापन हुआ आसान
ज्ञानेश कुमार ने कहा कि पहले बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाता सूची से जुड़े कार्यों को करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था. इसकी बड़ी वजह थी कि उनके पास वैलिड पहचान पत्र नहीं होता था. ऐसी स्थिति में लोग उन्हें संदेह की दृष्टि से देखते थे. अब भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बीएलओ के लिए पहचान पत्र जारी कर दिया गया है, जिससे डोर-टू-डोर वेरिफिकेशन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होती है.
गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया
संवाद कार्यक्रम के दौरान देवघर जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों के बीएलओ ने मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया की जानकारी दी. बीएलओ की समझ और तैयारियों से प्रभावित होकर मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि शीघ्र ही भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली स्थित आईआईआईडीईएम (IIIDEM) में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में देवघर के बीएलओ को भी आमंत्रित किया जाएगा.
SIR पारदर्शी होगा
संवाद कार्यक्रम के बाद एक प्रेस कांफ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि देवघर और दुमका के दो दिवसीय प्रवास के दौरान बाबा बैद्यनाथ और बाबा बासुकीनाथ के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ. साथ ही बीएलओ से संवाद का अवसर मिला. बीएलओ की तैयारियों को देखकर यह स्पष्ट है कि झारखंड में गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा होने पर इसे पूरी पारदर्शिता और सुगमता के साथ संपन्न कराया जा सकेगा.
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झारखंड के. रवि कुमार, उपायुक्त देवघर नमन प्रियेश लकड़ा, पुलिस अधीक्षक सौरभ, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी शैलेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती सहित जिले के कई पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे.
