रांचीः जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक ने शुक्रवार को झारखंड हाइकोर्ट के नये चीफ जस्टिस के तौर पर पद की शपथ ली.
लोकभवन में आयोजित एक कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उन्हें पद की शपथ दिलाई. इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्य सरकार के मंत्री, झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश एवं न्यायिक व प्रशासनिक सेवा से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.
सुप्रीम कोर्ट कोलेजियम ने पिछले महीने जस्टिस सोनक के नाम के लिए झारखंड हाई कोर्ट के नए चीफ जस्टिस के लिए सिफारिश की थी.
वे बॉम्बे हाई कोर्ट के जस्टिस रह चुके हैं और गोवा में पहला ‘लिविंग विल’ दर्ज कराने के लिए चर्चित रहे हैं। उनका कार्यकाल 28 नवंबर 2026 तक रहेगा.
गौरतलब है कि जस्टिस तरलोक सिंह चौहान का कार्यकाल समाप्त होने के बाद गुरुवार, 8 जनवरी को उनके सम्मान में फुल कोर्ट फेयरवेल रेफरेंस आयोजित कर विदाई दी गई.
एमएस सोनक अक्तूबर 1988 में महाराष्ट्र एवं गोवा बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकित हुए थे. इसके बाद उन्होंने बांबे हाईकोर्ट की पणजी पीठ में सिविल व संवैधानिक कानून, श्रम एवं सेवा कानून, पर्यावरण कानून, वाणिज्यिक एवं कर कानून, कंपनी कानून तथा जनहित याचिकाओं के क्षेत्र में व्यापक प्रैक्टिस की.
विधिक करियर के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के लिए अतिरिक्त स्थाई अधिवक्ता, राज्य सरकार के लिए विशेष अधिवक्ता व निगमों के लिए कानूनी सेवाएं दी हैं.
