रांचीः रांची के धुर्वा स्थित मौसीबाड़ी इलाके से दो जनवरी को लापता हुए मासूम भाई-बहन अंश और अंशिका की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर रविवार को आहूत धुर्वा बंद असरदार रहा. धुर्वा और एचइसी इलाके में स्वतः स्फूर्त बंद देखने को मिला.
दुकानें नहीं खुली. ऑटो भी नहीं चले. धुर्वा के स्थानीय लोग दोनों बच्चों की बारमदगी के लिए लगातार आंदोलन कर रहे हैं. जगन्नाथपुर चौक से लेकर सेक्टर-2 मार्केट, सेक्टर-3 मार्केट, धुर्वा बस स्टैंड, शर्मा मार्केट, जेपी मार्केट और यहां तक कि साप्ताहिक सेक्टर-2 का रविवार बाजार भी पूरी तरह से बंद रहा
इधर झारखंड में 40 पुलिसकर्मियों की एक टीम नौ दिन पहले लापता हुए दो बच्चों की तलाश कर रही है. डीजीपी तदाशा मिश्रा खुद इस मामले में मॉनिटरिंग कर रही हैं.
रांची के एसएसपी, सिटी एसपी तथा ग्रामीण एसपी अलग- अलग गठित विशेष जांच दल की कार्रवाई पर नजर रख रहे हैं. जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने अब तक करीब 5000 मोबाइल नंबरों और लगभग 2000 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर चुकी है.
तकनीकी जांच के साथ-साथ पुलिस मानवीय सूचनाओं को भी गंभीरता से ले रही है और हर संभावित सुराग पर काम कर रही है.
रांची पुलिस के एक अधिकारी ने बताया है, ‘हम पूरे राज्य में तलाशी अभियान चला रहे हैं और बिहार, ओडिशा व पश्चिम बंगाल की पुलिस के साथ लगातार संपर्क में हैं. इसके लिए 40 पुलिसकर्मियों की एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है. हमें कुछ नए सुराग मिले हैं और जांच जारी है.’
