रांचीः झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा इलाके में मौसीबाड़ी के पास से दो लापता मासूम बच्चों की तलाश में पुलिस ने 20 राज्यों में 439 जिलों के एनजीओ के कार्यकत्ताओं एवं चाइल्ड वेलफेयर एक्टिविस्ट के साथ मिलकर बच्चों की सकुशल बरामदगी हेतु व्यापक स्तर पर अभियान शुरु करेगी.
सोमवार को राज्य के अपर महानिदेशक और रांची के आईजी मनोज कौशिक ने रांची एसएसपी के कार्यालय में अब तक पुलिस की जांच की समीक्षा की. इस बैठक में रांची के एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक एसपी समेत पुलिस के कई अधिकारी मौजूद थे.
रांची पुलिस ने एक रिलीज जारी कर बताया है कि समीक्षा बैठक में धुर्वा थाना कांड सं0-01/26 में व्यपहृत बालक अंश कुमार एवं अंशिका कुमारी की बरामदगी के संदर्भ में विभिन्न पहलुओं पर समीक्षा की गयी. साथ ही पुलिस की ओर से की गयी कार्रवाई के पश्चात अगे की कार्य योजना के संबंध में चर्चा की गयी. अपर पुलिस महानिदेशक ने जांच को लेकर गठित विशेष टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारियों को विभिन्न विन्दुओं पर अनुपालन हेतु आवश्यक निर्देश भी दिए.
इस बैठक में “नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी द्वारा संचालित ‘बचपन बचाओ आंदोलन संगठन सहित एवीए० फाउंडेशन के स्टेट को-ऑर्डिनेटर ब्रजेश मिश्रा, चाईल्ड वेलफेयर एक्टिविस्ट राहुल मेहता, छोटानागपुर सांस्कृतिक संगठन की सच्ची कुमारी एवं अन्य के साथ पैन इंडिया स्तर पर कुल 20 राज्यों में 439 जिलों के एनजीओ के कार्यकत्ताओं एवं एक्टिविस्ट के साथ मिलकर धुर्वा क्षेत्र से लापता हुए बच्चे अंश एवं अंशिका के खोजबीन एवं बरामदगी हेतु व्यापक स्तर पर किये गये कार्यों के संबंध में विचार-विमर्श किया गया.

इसके अलावा सभी संगठनों से अपने-अपने क्षेत्रों में एनजीओ कार्यकर्ताओं की मदद से गुम हुए उपरोक्त बच्चों की बरामदगी हेतु रांची पुलिस की सहायता हेतु अपील की गयी.
गौरतलब है कि पांच साल के अंश और चार साल की अंशिका दो जनवरी को मौसीबाड़ी इलाके से गुम हो गए हैं. पुलिस में उनके पिता सुनील यादव ने प्राथमिकी दर्ज कराई है.
गुम बच्चों की तलाश में कम से कम 40 पुलिस अफसर छानबीन में जुटे हैं. कई राज्यों की पुलिस से संपर्क साधा गया है. हजारों मोबाइल नंबर और सीसीटीवे फुटेल खंगाले जा रहे हैं. डीजीपी तदाशा मिश्रा भी इस मामले की खुद मॉनिटरिंग कर रही हैं. कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई है. रांची के एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी एसआइटी की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं.
रांची पुलिस ने लापता बच्चों के बारे में सूचना देने पर दो-दो लाख इनाम की घोषणा भी की है. इस बाबत इश्तेहार जारी किए गए हैं.
