रांची: झारखंड में नगर निकाय चुनावो की तैयारियां तेज हुई हैं. शुक्रवार को रांची स्थित निर्वाचन आयोग कार्यालय में राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने सभी 48 निकायों के निर्वाची और सह निर्वाची पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की जानकारी ली. इसके साथ ही निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए कई निर्देश दिए.
निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि चुनाव की घोषणा होते ही निर्वाची पदाधिकारी और सह निर्वाचन प्रभारी की भूमिका अहम हो जाती है. नामांकन को लेकर प्रत्याशियों के द्वारा भरे जाने वाले फॉर्म और चुनाव चिन्ह आवंटन के समय निर्वाचन पदाधिकारी को सतर्कता बरतने के साथ हर पहलु की जानकारी होनी चाहिए. उन्होंने निर्वाचन से जुड़े पदाधिकारियों से कहा कि आयोग के द्वारा जारी निर्वाचन पुस्तिका का अध्ययन जरूर कर लें. क्योंकि उसी के अनुरूप निकाय चुनाव संपन्न कराने में अपनी भूमिका का निर्वहन किया जाएगा. छोटी-छोटी बातों से कई बार विवाद बढ़ जाता है, इसलिए नियम संगत कार्य ही चुनाव के दौरान करें.
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसकी जिम्मेदारी सभी पदाधिकारियों पर होगी. इसके लिए पूरी सतर्कता के साथ निर्वाचन के दौरान काम करने की आवश्यकता है.
अलका तिवारी ने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण काउंटिंग होती है, जो अच्छे ढंग से और निष्पक्ष रूप से संपन्न हो, इस पर जरूर ध्यान रखने की जरूरत है. चुनाव के दौरान प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों पर पदाधिकारियों को पूरी तरह से नजर रखने का निर्देश दिए हैं. राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि हर हाल में चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो इसके लिए सभी प्रशासनिक तैयारी रखी जाए.
