हजारीबागः झारखंड के बड़कागांव इलाके में अडानी कोल ब्लॉक परियोजना को लेकर मंगलवार को पर्यावरणीय सुरक्षा को लेकर आयोजित जनसुनवाई से पहले स्थानीय रैयतों और विस्थापन के खिलाफ संघर्ष कर रहे जन संगठनों ने विरोध किया.
जनसुनवाई के विरोध में ग्रामीण पांरपरिक हरवे- हथियार लेकर सड़कों पर निकले और जमकर नारेबाजी की. इस दौरान जनसुनवाई में शामिल लोगों को खदेड़ दिया.
प्लस टू हाई स्कूल के पास जनसुनवाई का कार्यक्रम निर्धारित था. इस स्थल पर ग्रामीणों ने भारी तोड़फोड़ की. पुलिस ने मोर्चा संभाला, तो ग्रमीण और भड़क गए.
ग्रामीणों का आरोप है कि भारी संख्या में पुलिसबलों और कंपनी के दलालों को बुलाकर जनसुनवाई करने की तैयारी की गई थी, ताकि कि रैयतों की आवाज को दबाया जा सके. जबकि कोल ब्लॉक से विस्थापन तथा पर्यावरण पर गंभीर प्रभाव की अनदेखी की जा रही है.
इससे पहले लाठी, डंडे के साथ ग्रामीण जुलूस की शक्ल में निकले और सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे इस जनसुनवाई को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेंगे. परियोजना का विरोध मरते दम तक जारी रखेंगे. गोंदलपुरा कोल ब्लॉक परियोजना से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों का विस्थापन, जल-जंगल-जमीन पर खतरा और पर्यावरण को गंभीर नुकसान होगा.
हालात को देखते हुए हजारीबाग जिला प्रशासन ने जनसुनवाई कार्यक्रम को स्थगित करने का आदेश जारी किया.
