भारतीय जनता पार्टी ने नितिन नबीन को औपचारिक रूप से पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया है. मंगलवार को बीजेपी के संगठनात्मक चुनावों के रिटर्निंग ऑफ़िसर के लक्ष्मण ने नितिन नबीन को चुनाव का प्रमाण पत्र सौंपा.
इससे पहले सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नितिन नबीन के पक्ष में कुल 37 सेट नामांकन पत्र सौंपे गए थे. नामांकन पत्रों की जांच के बाद सभी नामांकन पत्र निर्धारित प्रारूप में और वैध पाए गए.
नितिन नबीन के बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और नितिन गडकरी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई दी है.
पीएम मोदी ने कहा, “लोगों को लगता होगा कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री, 25 साल से लगातार हेड ऑफ़ दि गवर्मेंट रहे हैं, लेकिन यह सब अपनी जगह पर है. इन सभी से बड़ी चीज़ मेरे जीवन में है कि मैं बीजेपी का कार्यकर्ता हूं.”
उन्होंने कहा, “जब पार्टी के विषयों पर आती है तब मैं कार्यकर्ता हूं और नितिन नबीन जी मेरे बॉस हैं.”
नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की औपचारिक घोषणा के मौके पर पीएम मोदी ने भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “संगठन स्तर पर मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं और यह सबसे बड़ा गर्व है। अब नितिन नबीन हम सभी के अध्यक्ष हैं और उनका दायित्व सिर्फ भाजपा को संभालना ही नहीं है, एनडीए के सभी साथियों के बीच तालमेल का दायित्व भी देखना है.”
इस दौरान जेपी नड्डा ने कहा, “यह ऐतिहासिक अवसर है जब भाजपा जैसी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में हमारे नौजवान, ऊर्जावान, प्रतिभावान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज ये पदभार संभाल रहे हैं.”
“मैं अपनी ओर से और करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं. ऐसे महान पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में आपने ज़िम्मेदारी संभाली है.”
कौन हैं नबीन
नबीन, बिहार से पांच बार के विधायक हैं और वर्तमान में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं. वे बिहार सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री रहे हैं.
नितिन नबीन के पिता नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा भाजपा के कद्दावर नेताओं में शामिल थे और पटना पश्चिम विधानसभा सीट से चार बार विधायक रहे. पिता के निधन के बाद नितिन नबीन ने सक्रिय राजनीति में कदम रखा और एक सधे हुए संगठनात्मक कार्यकर्ता व चुनावी रणनीतिकार के रूप में अपनी पहचान बनाई.
पार्टी में उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी काम किया है. दिसंबर 2025 में उन्हें बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था.
45 साल के नितिन नबीन को बीजेपी की कमान मिली तो उनकी उम्र की चर्चा काफ़ी हुई.
भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में नितिन नबीन ने संगठनात्मक कौशल का प्रदर्शन किया था. नवंबर 2023 के छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में बीजेपी के सह-प्रभारी के तौर पर नबीन ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को ख़ास तौर पर प्रभावित किया, जब पार्टी ने भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ कांग्रेस को हराकर अप्रत्याशित जीत दर्ज की.
अगले वर्ष उन्हें छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनावों के लिए बीजेपी का प्रभारी नियुक्त किया गया, जहां पार्टी ने राज्य में सभी सीटें जीत लीं. जुलाई 2024 में उन्हें राज्य का पार्टी प्रभारी बनाया गया.
