रांचीः झारखंड हाइकोर्ट ने झारखंड लोक सेवा आयोग की 11वीं से 13वीं सिविल सर्विस मुख्य परीक्षा के परिणाम को चुनौती देने वाली अपील याचिका पर सुनवाई करते हुए 342 सफल अभ्यर्थियों को प्रतिवादी बनाने तथा नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है.
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि इस मामले के अंतिम निर्णय का सीधा प्रभाव चयनित अभ्यर्थियों पर पड़ेगा, इसलिए उनकी पक्षकारिता आवश्यक है. सभी सफल अभ्यर्थियों को प्रतिवादी बनाने की प्रक्रिया दो हफ्ते में पूरी करने का निर्देश दिया गया है.
दरअसल, 11वीं से 13वीं संयुक्त जेपीएससी मेंस परीक्षा के परिणाम को रद्द करने की मांग वाली याचिका को एकल पीठ द्वारा खारिज किए जाने के बाद याचिकाकर्ता अयूब तिर्की और अन्य ने इसके खिलाफ आइए याचिका दायर की है. साथ ही रिजल्ट को रद्द करने की मांग की है.
इससे पहले खंडपीठ ने राज्य सरकार और जेपीएससी की ओर से महाधिवक्ता राजीव रंजन और अधिवक्ता संजय पिपरावाल का पक्ष सुना. वहीं, प्राथियों की ओर से अधिवक्ता सुभाशीष रसिक सोरेन, मृणालिनी टेटे, शोभा लकड़ा और राजेश कुमार ने पक्ष रखा.
प्राथियों ने एकलपीठ के आदेश को चुनौती दी है. उनकी ओर से कहा गया है कि 11वीं से 13वीं जेपीएससी सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तकाओं का मूल्यांकन जेपीएससी नियमावली के अनुसार नहीं किया गया है. आयोग ने डिजिटलल मूल्यांकन किया है, जो नियमतः गलत है. जेपीएससी के द्वारा जारी विज्ञापन अतवा नियमावली में डिजिटल मूल्यांकन का प्रावधान नहीं है.
गौरतलब है कि अक्टूबर 2025 में हाईकोर्ट की एकल पीठ, न्यायमूर्ति दीपक रोशन ने 11वीं से 13वीं संयुक्त जेपीएससी मेंस परीक्षा के परिणाम को रद्द करने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया था.
अदालत ने अपने आदेश में कहा था कि यह याचिका अत्यधिक विलंब से दायर की गई है, जबकि मूल्यांकन प्रक्रिया से संबंधित जानकारियां पहले ही सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध थीं. याचिकाकर्ताओं ने दावा किया था कि जेपीएससी द्वारा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन नियमानुसार नहीं किया गया और मूल्यांकनकर्ताओं की शैक्षणिक योग्यता भी तय मानकों के अनुरूप नहीं थी. इसी आधार पर उन्होंने परिणाम रद्द करने की मांग की थी.
दूसरी तरफ, जेपीएससी ने अदालत को बताया था कि डिजिटल मूल्यांकन प्रक्रिया की जानकारी प्रमुख अखबारों में प्रकाशित की गई थी. ऐसे में यह कहना कि अभ्यर्थियों को प्रक्रिया की जानकारी नहीं थी, गलत है. आयोग ने यह भी कहा कि चयन प्रक्रिया काफी आगे बढ़ चुकी थी और अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जा चुका था.
गौरतलब है कि जेपीएससी 11वीं-13वीं के सफल 342 अभ्यर्थियों को सरकार ने नियुक्ति पत्र सौंप दिया है. अधिकतर अधिकारी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं.
