पलामूः गैंगस्टर प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा गिरोह से जुड़े आठ अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इनमें से कई शूटर के तौर पर कुख्यात हैं. इनके पास से दो पिस्तौल, दो देसी कट्टा समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं.
पलामू पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा गिरोह से जुड़े अपराधी सदर थाना क्षेत्र के सिंगरा के इलाके में कंस्ट्रक्शन साइट पर फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले हैं. इसी सूचना के आलोक में पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने पुलिस की टीम को इनके पीछे लगाया.
गिरफ्तार अपराधियों में गढ़वा के मेरौनी निवासी अमित चौधरी, लेस्लीगंज के चौरा निवासी आकाश शुक्ला, तरहसी निवासी कौशल पासवान, सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा निवासी नीरज चंद्रवंशी, पाटन के इमली निवासी अख्तर अंसारी, लेस्लीगंज के हरतुआ निवासी अविनाश गिरी, पाटन के सुठा निवासी बॉबी कुमार शामिल हैं.
पूरी कार्रवाई के दौरान पलामू पुलिस को चौंकाने वाली जानकारी मिली है. प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा गिरोह एक हो गए हैं. दरअसल, दोनों गिरोह के बीच दोस्ती कथित तौर पर कुबेर नाम के एक अपराधी ने करवायी थी. कुबेर एक छद्म नाम है जिसे प्रिंस खान गिरोह इस्तेमाल करता है. पुलिस कुबेर की टोह में जुटी है. उसके पकड़े जाने के बाद ही असली चेहरा साफ होगा.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक यह जानकारी पुख्ता हो रही है कि प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा ने हाथ मिलाया है. इन दोनों के हाथ मिलाने में कुबेर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. कुबेर वास्तिवक नाम भी हो सकता है और फेक भी हो सकता है. जांच जारी है. एसपी ने कहा है कि दोनों गिरोह के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.
