पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव में आरजेडी को मिले बड़े सेटबैक के बाद रविवार को पार्टी में एक अहम फैसले के तहत तेजस्वी यादव के कंधे पर पिता लालू यादव ने बड़ी जिम्मेदारी दी है. पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बिहार के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को राजद का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
इधर तेजस्वी की ताजपोशी पर बहन रोहिणी आचार्य की प्रतिक्रिया भी आ गई. उन्होंने भाई का नाम लिया बिना तंज कसा है.
पटना के होटल मौर्या में राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में तेजस्वी को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पद देने का फैसला लिया गया.
इस महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, सांसद मीसा भारती सहित पार्टी के लगभग सभी प्रमुख नेता मौजूद थे.
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान आरजेडी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने तेजस्वी यादव के नाम की घोषणा की. लालू प्रसाद यादव ने स्वयं तेजस्वी को नियुक्ति पत्र सौंपा. इस ऐलान के तुरंत बाद आरजेडी के आधिकारिक X हैंडल पर पोस्ट किया गया, “एक नए युग का उदय! श्री तेजस्वी यादव जी को राष्ट्रीय जनता दल का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.”
तेजस्वी को लालू यादव ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
पार्टी के प्रवक्ता एजाज अहमद ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की मंजूरी के बाद यह प्रस्ताव रखा गया, जिसे पूरी कार्यकारिणी ने एकमत से स्वीकार कर लिया. अब तेजस्वी यादव राष्ट्रीय अध्यक्ष के दिशा-निर्देशों के अनुसार पार्टी की कमान संभालेंगे. यह नियुक्ति तेजस्वी यादव के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, क्योंकि इससे पार्टी की राष्ट्रीय स्तर पर उनकी भूमिका और मजबूत हो गई है. लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य और उम्र को देखते हुए यह कदम पार्टी की भविष्य की रणनीति को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया है.
‘कठपुतली बने शहजादा’-रोहिणी यादव
वहीं, दूसरी तरफ इस ऐलान के तुरंत बाद ही लालू यादव की सिंगापुर में रहने वाली बेटी रोहिणी आचार्य की तंज भरी प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर बिना नाम लिए भाई पर निशाना साधा है. रोहिणी ने इसे ‘कठपुतली बने शहजादा’ की ताजपोशी बताया है.
रोहिणी ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा है- “सियासत के शिखर – पुरुष की गौरवशाली पारी का एक तरह से पटाक्षेप , ठकुरसुहाती करने वालों और ” गिरोह – ए – घुसपैठ ” को उनके हाथों की “कठपुतली बने शहजादा” की ताजपोशी मुबारक … पार्टी की बैठक ठीक पहले भी रोहिणी आचार्य ने बिना किसे के नाम लिए पार्टी के वर्तमान नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला था.”
