रांची: स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच और लंदन की यात्रा कर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी, जेएमएम विधायक मंगलवार की शाम झारखंड लौट आए हैं.
रांची एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया. मुख्यमंत्री का स्वागत करने वालों में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडेय, सांसद महुआ माजी, झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडे सहित कई प्रमुख नेता शामिल थे.
ढोल-नगाड़ों के साथ रांची एयरपोर्ट पहुंचे जेएमएम कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने इस यात्रा को राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया.
मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य गठन होने के बाद पहली बार एक बड़े वैश्विक मंच पर झारखंड ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है. उन्होंने कहा कि विश्व आर्थिक मंच में सम्मिलित होकर एक बेहतर अनुभव के साथ आज हमारी पुनः झारखंड वापसी हुई है. उस अनुभव को झारखंड के समस्त जनमानस, यहां की जल, जंगल, जमीन और यहां की अपार संभावनाओं को एक नया आयाम देने की पहल सरकार करेगी.
रांची एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम जैसे वैश्विक सम्मेलन के माध्यम से झारखंड ने भी एक बड़े पटल पर अपनी बातें रखने का बेहतर प्रयास किया है. समय-समय पर आप सभी लोगों को खबरें भी मिलती रही हैं. सरकार की ओर से हम लोगों ने दावोस और लंदन में झारखंड की आवाज पहुंचाई है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड से 11 सदस्य प्रतिनिधिमंडल दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक में शामिल हुआ, जिसे राज्य की तरक्की और निवेश के लिहाज से अहम बताया जा रहा है. दावोस के बाद लंदन दौरे पर गए सीएम ने वहां कई कार्यक्रमों में भाग लिया.
