मुंबई: महाराष्ट्र के पुणे जिले में बुधवार सुबह विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई है.
यह घटना तब हुई जब अजित पवार (66 वर्ष) का विमान पुणे के बारामती इलाके में उतर रहा था.
शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह 8.48 बजे विमान की लैंडिंग के दौरान हुई.
अजित पवार के सुरक्षा गार्ड भी उनके साथ विमान में थे.
यह चार्टर विमान था, जो VTSSK, LJ45 था, और यह मुंबई से बारामती जा रहा था.
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के एक शीर्ष अधिकारी के हवाले से समाचार एजेंसी यूनिवार्ता ने बताया है कि विमान में चालक दल के दो सदस्य और तीन यात्री सवार थे. रनवे पर उतरते समय विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई. हादसे में सभी पांच मौत हो गई
अजित पवार के निधन पर कई नेताओं ने दुख ज़ाहिर किया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, “श्री अजित पवार जी जनता के नेता थे, जिनका ज़मीनी स्तर पर मज़बूत जुड़ाव था. महाराष्ट्र की जनता की सेवा में अग्रिम पंक्ति में रहने वाले एक कर्मठ व्यक्तित्व के रूप में उन्हें व्यापक सम्मान हासिल था. प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ और गरीब व वंचित वर्ग को सशक्त करने का उनका जज़्बा भी उल्लेखनीय था. उनका असमय निधन बेहद चौंकाने वाला और दुखद है. उनके परिवार और चाहने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं. ओम शांति.”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से संपर्क किया और बारामती प्लेन क्रैश के बारे में अपडेट लिए हैं.
एनसीपी (शरद पवार) के नेता और महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख पत्रकारों से बात करते हुए रो पड़े और कोई प्रतिक्रिया नहीं दे पाए.
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “विमान दुर्घटना में श्री अजीत पवार जी के निधन की खबर बहुत चौंकाने वाली और बेहद दुखद है. यह एक ऐसे नेता का असामयिक निधन है जिनका राजनीतिक करियर लंबा और उज्ज्वल होने वाला था. इस मुश्किल घड़ी में शोक संतप्त परिवार जिस अपार दुख से गुजर रहा होगा, उसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता. मैं पूरे पवार परिवार, उनके समर्थकों और शुभचिंतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. महाराष्ट्र के लोगों की विभिन्न संवैधानिक पदों पर सेवा करने वाले श्री अजीत पवार को एक अनुभवी राजनेता के रूप में याद किया जाएगा, जिन्होंने अपने लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी और समझदारी से निभाया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे.”
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को महाराष्ट्र के पुणे जिले में हुए विमान हादसे में उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया.
बनर्जी ने घटना की उचित जांच की भी मांग की.
