जमशेदपुरः उद्योगपति देवांग गांधी के बेटे कैरव गांधी के अपहरणकर्ताओं के साथ गुरुवार देर रात को पुलिस की मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में तीन अपराधी घायल हुए है. तीनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
खबरों के मुताबिक यह मुठभेड़ बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के साईं मंदिर के पास रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच हुई. अस्पताल परिसर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने घटना स्थल और अस्पताल का जायजा लिया है. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं.
घायल अपराधियों में गुड्डू सिंह, मोहम्मद इमरान और रमीज राजा शामिल है. तीनों बिहार के गयाजी और नालंदा जिले के निवासी हैं.
पुलिस के मुताबिक कैरव गांधी अपहरण कांड के मुख्य सूत्रधार हैं. बताया जा रहा है कि बिष्टुपुर थाना पुलिस आरोपियों की निशानदेही पर हथियार की बरामदगी के लिये उन्हें साईं मंदिर के पास नाला क्षेत्र में लेकर पहुंची थी.
अपराधियों ने पुलिस को बताया था कि उन्होंने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार इसी इलाके में छुपाकर रखे हैं. इस बीच मौका देखकर अपराधियों ने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की. पुलिस ने बचाव में जवाबी कार्रवाई की.
जमशेदपुर के सिटी एसपी ने बताया हि जवाबी कार्रवाई में तीन अपराधी घायल हुए हैं. तीनों अपराधियों के पैर में गोली लगी है. उनका इलाज चल रहा है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है.
गौरतलब है कि कैरव गांधी एक प्रमुख उद्योगपति देवांग गांधी के पुत्र हैं, जिनका पिछले 13 जनवरी को जमशेदपुर से अपहरण कर लिया गया था. 14 दिनों के बाद 27 जनवरी को जमशेदपुर पुलिस ने कैरव को मुक्त करवाया था.
कैरव को अपहर्ताओं से मुक्त कराने के बाद पुलिस गिरोह की धर पकड़ में जुटी है. इसी सिलसिले में आठ अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है.
