महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के बाद नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की. इस मुलाकात में पार्टी नेताओं ने मुख्यमंत्री के साथ विधायक दल के नेता और उपमुख्यमंत्री की नियुक्ति समेत कई मुद्दों पर चर्चा की।
एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, प्रदेश इकाई प्रमुख सुनील तटकरे, मंत्री छगन भुजबल समेत कई कुछ नेता फडणवीस के ‘वर्षा’ बंगले पहुंचे थे.
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए प्रफुल्ल पटेल ने कहा, “हमने मुख्यमंत्री के साथ नए विधायक दल के नेता और उपमुख्यमंत्री के चुनाव पर चर्चा की. नए नेता को चुनने के लिए विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी.”
उन्होंने आगे कहा, “हमने मुख्यमंत्री फडणवीस को सूचित किया है कि कैबिनेट पोर्टफोलियो और नेतृत्व के संबंध में जल्द से जल्द फैसला लिया जाना चाहिए. हम अपने सभी पार्टी विधायकों से सलाह लेने के बाद अपना रुख तय करेंगे.”
प्रफुल्ल पटेल ने यह स्पष्ट किया कि पार्टी विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए भविष्य की कार्रवाई करेगी.
एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष ने आगे कहा, “परिवार अभी भी शोक में है. कुछ अनुष्ठान पूरे होने के बाद हम आज रात या कल सुबह सुनेत्रा पवार से बात करेंगे।” पटेल ने दोहराया कि उपमुख्यमंत्री पद के बारे में कोई भी फैसला पार्टी के विधायकों की भावनाओं पर आधारित होगा.
उन्होंने कहा, “यह पद जल्द से जल्द भरा जाएगा और एक उपयुक्त फैसला लिया जाएगा.”
इससे पहले, एनसीपी नेता नरहरि जिरवाल ने गुरुवार को बारामती में अजित पवार के अंतिम संस्कार के बाद पत्रकारों से कहा था कि सुनेत्रा पवार को अगला उपमुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा था कि इससे यह सुनिश्चित होगा कि पवार परिवार की राजनीतिक विरासत जारी रहे.
