रामगढ़: झारखंड के पतरातू में नेशनल थर्मल पावर स्टेशन और पटना विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (PVUNL) की संयुक्त निर्माणाधीन सुपर थर्मल पावर परियोजना के यूनिट-2 में बुधवार को एक गंभीर तकनीकी हादसा हुआ. इस घटना में 12 श्रमिकों के घायल होने की खबर है.
घायलों को पीटीपीएस के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं. घायल श्रमिकों में से 9 मेसर्स आरपीपी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी से जुड़े थे, जबकि 3 भेल के कर्मचारी थे.
जानकारी के मुताबिक हादसा एयर कूल्ड कंडेंसर (ACC) के डक्ट में इन-प्लेट सील में खराबी आने के कारण हुआ. अचानक सील टूटने से डक्ट के अंदर का प्रेशराइज्ड डस्ट बाहर फैल गया, जिसकी चपेट में कार्यस्थल पर मौजूद श्रमिक आ गए. उस समय एसीसी से संबंधित इरेक्शन एवं परीक्षण का कार्य भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) द्वारा किया जा रहा था.
घटना की सूचना मिलते ही पीवीयूएनएल प्रबंधन एवं संबंधित विभागों ने कार्यस्थल पर स्थिति को पूर्णतः नियंत्रण में ले लिया. प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि घटना में कुल 12 श्रमिकों को हल्की चोटें आई हैं. हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए एक विशेष तकनीकी टीम का गठन किया गया है, जो पूरे मामले की गहन जांच करेगी.
