पलामूः झारखंड के ग्रमीण और कस्बाई इलाकों में जादू-टोना, ओझा-गुनी, डायन-बिसाही के शक में हत्या की घटनाएं नहीं थम रही हैं. रविवार को पलामू जिले के पांकी थाना अंतर्गत कुसड़ी में एक ही परिवार के तीन लोगों की ओझा-गुनी के शक में हत्या कर दी गई है.
यह जगह पलामू जिला मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर है. मृतकों की पहचान विजय भुईयां, उसकी पत्नी कलिया देवी और 17 साल के बेटे छोटू भुइंया के रूप में हुई है.
जबकि विजय भुईयां की बहु नीलू देवी और पोती गंभीर रूप से जख्मी हो गई है. दोनों का इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में चल रहा है.
पांकी के थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया है कि प्रारंभिक छानबीन में पता चला है कि अंध विश्वास में तीन लोगों की हत्या कर दी गई है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
कुसड़ी गांव में शनिवार की देर रात रबींद्र भुईयां के पिता महेशी भुईयां की मौत हुई थी. रबींद्र भुईयां और उसका भाई प्रमोद भुईयां पिता की मौत के लिए विजय भुईयां पर ओझा-गुनी करने का शक कर रहे थे. हालांकि महेशी भुईयां कुछ दिनों से बीमार थे.
पिता की मौत के बाद रबींद्र और प्रमोद भुईयां रविवार को टांगी एवं धारदार हथियार लेकर विजय भुईयां के घर पर पहुंचे और ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस घटना के बाद रबींद्र और प्रमोद भुईयां फरार हो गए. इस घटना में विजयय भुइंया के अलावा उनकी पत्नी और बेटे की मौत हो गई.
जबकि ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से विजय भुईयां का बहू एवं पोती को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी की है.
हालांकि पुलिस घटना के चार घंटे बाद गांव पहुंची. इससे ग्रामीणों में काफी रोष देखा गया.
घटना के बाद से पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है.
