धनबादः शनिवार की शाम से लापता लोन रिकवरी एजेंट अमित अग्रवाल का शव बरामद किया गया है.
रविवार को सदर थाना क्षेत्र स्थित सूर्य हाइलैंड सोसाइटी के एक फ्लैट से पुलिस ने अमित कुमार अग्रवाल का शव बरामद किया गया.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया.
धनबाद के बाबूडीह खटाल निवासी अमित अग्रवाल पीएनबी बैंक के लिए लोन रिकवरी का काम करने वाले
अमित अग्रवाल के परिजनों ने शनिवार को उनके लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी. शिकायत में यह भी बताया गया था कि अमित के ही मोबाइल फोन से एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया. फोन करने वाले ने दावा किया कि अमित उसके पास है. उसनें 15 लाख रुपये की फिरौती की मांग की. इसके बाद मोबाइल नंबर स्विच ऑफ कर दिया गया
इसके बाद पुलिस ने टेक्निकल साक्ष्यों के आधार पर मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर जांच शुरू की. अमित अग्रवाल के मोबाइल लोकेशन के आधार पर सूर्य हाइलैंड के आसपास जांच चल रही थी. इसी दौरान सुबह हाइलैंड से कुछ दूरी पर डांगी मोड़ के पास मृतक का मोबाइल बरामद किया गया.
इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि हाइलैंड में रहने वाले विकास खंडेलवाल ने पंजाब नेशनल बैंक से एक करोड़ रुपये का कर्ज लिया है. अमित अग्रवाल किस्त के तौर पर दस लाख रुपये जमा करने को कह रहे थे. इस बात को लेकर दोनों में बातचीत चल रही थी.
आरोप है कि अमित ने जब कर्ज जमा करने का दबाव बनाया तो विकास खंडेलवाल ने अपने घर पर बुलाकर हत्या कर दी. पुलिस का कहना है कि विकास खंडेलवाल ने हत्या में संलिप्तता स्वीकार कर ली है. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.
