धनबादः झारखंड के धनबाद जिले के बीसीसीएल एरिया तीन स्थित गोविंदपुर सोनारडीह ओपी क्षेत्र के टंडाबाड़ी बस्ती में मंगलवार की देर शाम भू-धंसान होने से कई घरों जमींदोज होने और तीन लोगों की मौत के बाद बीसीसीएल के खुलाफ स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है.
बुधवार को बीसीसीएल के अधिकारी जब मौके का मुआयना करने पहुंचे, तो गुस्साए लोगों ने उनकी टीम पर पथराव करना शुरू कर दिया. स्थानीय निवासी मुआवजे की भी मांग कर रहे हैं.
हालात का जायजा लेने के लिए बीसीसीएल के डीटी संजय सिंह और एरिया तीन के जीएम वी विजय कुमार घटनास्थल पहुंचे. जैसे ही अधिकारी गांव पहुंचे, गुस्साए लोगों ने मुआवजा और पुनर्वास की मांग को लेकर उनका विरोध करना शुरू कर दिया. देखते ही देखते विरोध तेज हो गया और ग्रामीणों ने अधिकारियों का घेराव कर लिया.
घटना के बाद टंडाबारी बस्ती और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोग भू-धंसान के लिए बीसीसीएल को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं और मुआवजा व पुनर्वास की मांग कर रहे हैं
.ग्रामीणों के आक्रोश के बीच डीटी संजय सिंह किसी तरह मौके से निकलने में सफल रहे, लेकिन जीएम वी विजय कुमार भीड़ के बीच फंस गए. स्थिति को संभालने के लिए मौके पर मौजूद सीआईएफ सुरक्षा बल ने हस्तक्षेप किया और जीएम को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया.
इस बीच बीसीसीएल और प्रशासन ने घटना के बाद नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है. अधिकारियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार की जा रही है.
