रांचीः रांची पुलिस ने शहर में ब्राउन शुगर का धंधा करने वाले एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो ड्रग्स पैडलर्स को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 2800 पुड़ियों में 400 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया है.
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया है कि विधानसभा थाना क्षेत्र में कारवाई करते हुए बड़ी मात्रा में 2800 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया गया है. ब्राउन शुगर का वजन करीब 400 ग्राम है.
गिरफ्तार पैडलर्स के नाम अरविंद कुमार और हरीश उरांव हैं. आरोपियों के पास से एक अवैध हथियार और जिंदा गोली भी बरामद किया गया है.
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार तस्कर ब्राउन शुगर की सप्लाई के लिए भाड़े पर लड़कों को रखते थे और व्हाट्सएप के जरिए ऑर्डर लेकर पूरे शहर में नशे का जाल फैला रहे थे. तस्करों ने बताया है कि हर पुड़िया 200 से 500 रुपये में बेची जाती थी. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 4 लाख 51 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं.
रांची सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर धुर्वा डहु टोली स्थित श्वेता कुजूर के किराये के घर पर छापामारी की गई. यहां से अरविंद कुमार और हरिश उरांव को पकड़ा गया.
