पलामूः पलामू पुलिस ने गुड्डू खलीफा हत्याकांड के नामजद आरोपी कुख्यात अपराधी फैज खान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में फैज खान के पैर में दो गोली लगी है.
वहीं उसका एक सहयोगी भी पुलिस के हत्थे चढ़ा है, जो इस हत्याकांड में नामजद आरोपी बताया जा रहा है.
पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि छापेमारी अभियान के दौरान यह कार्रवाई हुई है.
उन्होंने कहा कि फैज खान के पैर में दो गोली लगी है, जबकि उसका एक सहयोगी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात शताब्दी मार्केट में गुड्डू खलीफा की हत्या के बाद फैज खान अपने एक सहयोगी के साथ पांकी के रास्ते बिहार भागने की फिराक में था.
इसी दौरान पुलिस को उसकी लोकेशन की सूचना मिली.
सूचना के आधार पर पुलिस ने पांकी क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान शुरू किया.
छापेमारी के क्रम में ताल गांव के समीप अमानत नदी के पास फैज खान अपने सहयोगी के साथ भागता हुआ दिखाई दिया.
पुलिस ने उसे सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें फैज खान के पैर में दो गोली लगी और वह घायल होकर नदी के बालू में गिर पड़ा.
फैज खान के घायल होने के बाद उसका सहयोगी घबरा गया और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्टल भी बरामद किया है.
घायल फैज खान को पहले नजदीकी सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया, इसके बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है.
