पलामूः मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड रोड स्थित शताब्दी मार्केट में हुए चर्चित गुड्डू खलीफा हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उद्भेदन कर लिया है.
पुलिस की तफ्तीश में पता चला है कि 10.5 डिस्मिल जमीन विवाद में खलीफा के पार्टनर ने ही सुपारी देकर हत्या कराई थी.
इस केस में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
पलामू की एसपी रीष्मा रमेशन ने मीडिया को बताया है कि गुड्डू खलीफा इसराईल आजाद उर्फ मिंटू डाला और अन्य लोग मिलकर जमीन का कारोबार करते थे.
कुछ महीने पहले इनके बीच आपसी विवाद हुआ था, जो पुलिस तक भी पहुंचा, लेकिन बाद में इनलोगों ने आपस में सुलझा लिया.
हाल में फिर विवाद उत्पन्न हुआ, जिसके बाद मिंटू डाला ने गुड्डू की हत्या के लिए फैज खान को दो लाख रुपये की सुपारी दी.
एसपी ने बताया कि 31 मार्च को मिंटू डाला ने फैज खान को शताब्दी रोड स्थित कार्यालय भी दिखाया था.
हत्या के बाद सुपारी की पूरी रकम शहजाद आलम उर्फ विक्की राइन को दी गई. पुलिस को गुमराह करने के लिए मिंटू डाला ने खुद ही हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई और इसे लाडले हसन उर्फ लड्डू खान हत्याकांड से जोड़ने की कोशिश की.
गिरफ्तार आरोपितों में पहाड़ी मोहल्ला निवासी इसराईल आजाद उर्फ मिंटू डाला, शहजाद आलम उर्फ विक्की राइन तारिक शाह उर्फ मुन्नान साईं मोहल्ला निवासी फैज खान तथा पांकी थाना क्षेत्र के तेतराई निवासी आदर्श कुमार उर्फ धोनी शामिल हैं.
