हजारीबाग: रामनवमी जुलूस के दौरान 29 मार्च को शहर के झंडा चौक पर अभिषेक कुमार की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरप्तार किया है.
पुलिस जांच में सामने आया कि जुलूस के दौरान नशे की हालत में कुछ युवकों ने अभिषेक कुमार पर तलवार, चाकू और लाठी से हमला किया था.
गंभीर रूप से घायल अभिषेक को पहले सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. इसके बाद रिम्स रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गई.
एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई थी. सीसीटीवी फुटेज और अन्य सूचना के आधार पर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार आरोपियों में विजय कुमार विनायक, श्याम कुमार उर्फ कारू, आदित्य कुमार हरि, रिशि कुमार और समीर वाल्मीकि शामिल हैं. सभी की उम्र 20 से 25 साल है.
आरोपियों के पास से तलवार, फोल्डिंग (चाइनीज) और चाकू बरामद किया गया है. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जुलूस में घुसे एक युवक से विवाद के बाद सभी ने मिलकर हमला किया और फिर नाचते-गाते आगे बढ़ गए. बाद में पता चला कि घायल युवक की मौत हो गई.
घटना के बाद आक्रोशित परिजन और स्थानीय लोगों ने 2 घंटे से अधिक समय तक जुलूस मार्ग बाधित कर दिया था.
