रांचीः रांची के विधायक सीपी सिंह ने कहा है कि गैस सिलिंडर वितरण में हो रही अव्यवस्था और लापरवाही की हमें लगातार जानकारी मिल रही है. जब घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति घर-घर जाकर की जानी है, तो आखिर गैस वितरक उपभोक्ताओं को मैदानों और मोहल्लों की गलियों में घंटों लंबी कतारों में खड़ा करके क्यों परेशान कर रहे हैं?
एक्स पर एक पोस्ट में सीपी सिंह ने कहा है, अधिकांश गैस एजेंसियों द्वारा संबंधित कंपनी के अधिकारियों की सांठगांठ से घरेलू गैस की डिलीवरी कागज़ों में दिखाकर कालाबाज़ारी किए जाने की गंभीर शिकायतें मिल रही हैं. यही स्थिति व्यावसायिक गैस वितरण में भी देखने को मिल रही है. जिला प्रशासन की निष्क्रियता भी चिंताजनक है, जो इस पूरे मामले में मूकदर्शक बना हुआ है.
उन्होंने कहा है कि यह स्थिति न केवल आम जनता के साथ अन्याय है, बल्कि केंद्र सरकार की छवि को भी नुकसान पहुँचाने का प्रयास है. आपदा को अवसर बनाकर उपभोक्ताओं के लिए आवंटित गैस सिलिडंरों की कालाबाज़ारी कर वितरण में अनियमितताओं को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित गैस एजेंसियों और अधिकारियों के खिलाफ प्रमाण सहित केंद्र सरकार के समक्ष शिकायत दर्ज कराई जाएगी।, जनता की सुविधा और अधिकारों से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा.
