रामगढ़ः झारखंड के रामगढ़ जिले के हेसला स्थित झारखंड इस्पात प्लांट के फर्नेंस में ब्लास्ट से दो मजदूर की मौत हो गई है. इस हादसे में अनाय सात मजदूर झुलस गए हैं. इनमें कई की हालत गंभीर है.
घायलों को इलाज के लिए रांची भेजा गया है. यह इस्पात प्लांट अरगड्डा मोड़ के समीप हेसला में है.
जानकारी के अनुसार प्लांट के फर्नेस में काम के दौरान अचानक तेज धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आकर 9 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए.
इनमें अशोक बेदिया और अखिला राय की इलाज के दौरान मौत हो गई.
अन्य सात मजदूर- बृजलाल बेदिया, राजबालन यादव, महेश महतो, पंडित जी (राजू झा), छोटू साव, सुरेश बेदिया और इशया इस हादसे मे बुरी तरह झुलस गए हैं. सबी घायलों का इलाज चल रहा है.
घटना के बाद सभी घायलों को रांची रोड स्थित द हॉप हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया.
चिकित्सकों ने बताया कि इनमें से 7 मजदूर बुरी तरह झुल गए हैं. इन सात घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित देवकमल अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह चार बजे हुआ धमाका इतना तेज था कि आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई. घटना के बाद प्लांट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कामकाज कुछ देर के लिए ठप हो गया.
घटना की जांच चल रही है. प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा.
ब्लास्ट की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री के मुख्य गेट को जाम कर दिया. लोगों ने प्लांट प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि फैक्ट्री ने सुरक्षा को लेकर कोई इंतजाम नहीं कर रखा था.
