देवघरः जन्माष्टमी के अवसर पर महाराष्ट्र की सांसद सुप्रिया सुले ने गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे और उनके परिवार के साथ बाबा बैद्यनाथ मंदिर में दर्शन किए.
उन्होंने गर्भगृह में विधि-विधान से जलाभिषेक किया. बाबा मंदिर परिसर में सुप्रिया सुले के पहुंचते ही लोगों में उनकी एक झलक पाने के लिए काफी उत्साह देखा गया. सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुजारियों ने उन्हें मंदिर में पूजा-अर्चना कराई.
पूजा-अर्चना के बाद सुप्रिया सुले ने कहा कि वह पहली बार देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंची हैं. यहां आकर उन्हें काफी अच्छा लगा. उन्होंने बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना को लेकर भी खुशी जाहिर की. उन्होंने बाबा से देश और राज्य में सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की.
देवघर पहुंचीं सुप्रिया सुले ने स्थानीय सांसद निशिकांत दुबे के विकास कार्यों की भी खुलकर सराहना की.
उन्होंने कहा कि राजनीतिक विचारधारा अलग हो सकती है, लेकिन जिन सांसदों ने अपने क्षेत्र में बेहतर काम किया है, उनके बारे में अच्छा ही कहना चाहिए
बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद सुप्रिया सुले सांसद निशिकांत दुबे के आवास पर भी पहुंचीं. यहां उन्होंने निशिकांत दुबे और उनके परिवार से मुलाकात की और साथ में भोजन किया. इसके बाद वह सांसद दिल्ली के लिए रवाना हो गईं.
