रांचीः 24 घंटों के दौरान हजारीबाग और रांची में गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम देकर दहशत मचाने वाले अपराधियों के साथ देर शाम धुर्वा थाना क्षेत्र में पुलिस की हुई मुठभेड़ में एक अपराधी घायल हुआ है. पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. घायल अपराधी का नाम सरभ कुमार है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से तीन पिस्टल और गोलियां बरामद की है. रांची के एसएसपी राकेश रंजन घटना स्थल का जायजा लेने पहुंचे हैं. साथ में पुलिस अधिकारियों की एक टीम बी मौजूद है. पुलिस का दावा है कि ये अपराधी कुख्यात राहुल दुबे गैंग से जुड़े हैं.

रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि गिरोह के अपराधियों ने गुरुवार की रात हजारीबाग में एके इंटरनेशनल होटल के बाहर फायरिंग की थी. इस घटना के बाद अपराधियों ने शुक्रवार तड़के करीब 3:40 बजे रांची के कांके इलाके में भी गोलीबारी की. लगातार दो जिलों में हुई इन घटनाओं के बाद पुलिस सक्रिय हुई और अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू की.
इसी क्रम में पुलिस को अपराधियों के धुर्वा के सीठियो इलाके में होने की सूचना मिली. पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की तो अपराधियों की ओर से फायरिंग की गई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी को गोली लगी है. इसके बाद पुलिस ने सभी पांच अपराधियों को अपने कब्जे में ले लिया है.
