सरायकेला-खरसावां के एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने गम्हरिया थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. वहीं, दुष्कर्म के आरोपी सिपाही नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है.
गम्हरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला गुरुवार को घरेलू विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची थी. पीड़िता का आरोप है कि थाने में ड्यूटी पर तैनात आरक्षी नीरज लकड़ा ने उसके साथ कथित दुष्कर्म किया. इसी मामले में जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है.
एसआईटी ने शुरू की जांच
महिला की शिकायत की गंभीरता को देखते हुए सपी मनोज स्वर्गीयारी ने जांच के लिए सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। शुक्रवार देर रात एसडीपीओ पुलिस टीम के साथ गम्हरिया थाना पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका को रोकने के लिए कथित घटनास्थल वाले कमरे को सील कर सुरक्षित कर दिया गया.
एसपी की सख्त और त्वरित कार्रवाई
एसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी संजय प्रसाद, सब इंस्पेक्टर मनोज साहू, अनिरुद्ध सिंह और आरक्षी संतोष राय को लापरवाही एवं कर्तव्य में चूक के आरोप में निलंबित कर दिया गया है. वहीं, मुख्य आरोपी सिपाही नीरज लकड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है.
