कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने लंबे अरसे बाद शुक्रवार को सार्वजनिक तौर राहुल गांधी की जमकर तारीफ़ की है. इसके साथ ही उन्होंने साफ-साफ कहा कि वे कांग्रेस पार्टी छोड़कर कहीं नहीं जा रहे हैं. उन्होंने पार्टी छोड़ने की जारी अटकलों को सिरे से खारिज किया.
यह बयान उन्होंने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से गुरुवार को मुलाकात के ठीक एक दिन बाद शुक्रवार को दिया.
थरूर ने गुरुवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से मुलाकात की तस्वीर को बड़े उत्साह के साथ साझा किया था.उन्होंने कहा था कि कई मुद्दों पर उन्होंने चर्चा की और उन्हें पता चल गया कि वे एक ही जैसे सोचते हैं.
शशि थरूर का यह बयान तब आया है जब हाल में पीएम मोदी व उनकी कुछ नीतियों की तारीफ़ पर थरूर को कांग्रेस में ही विरोध का सामना करना पड़ा था. सवाल तो यहाँ तक उठने लगे थे कि थरूर कब पार्टी से बाहर होंगे या बाहर किए जाएँगे.
इन सबके बीच शशि थरूर ने राहुल गांधी की सराहना करते हुए साफ़ किया कि वे कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़े हैं. थरूर ने यह भी कहा, ‘राहुल गांधी एक ऐसे नेता हैं, जिनका राजनीतिक रुख बेहद साफ़ है. वे सांप्रदायिकता के ख़िलाफ़ मज़बूती से खड़े हैं.’
गौरतलब है कि गुरुवार की बैठक के बाद थरूर ने कहा था कि सभी मुद्दे सुलझ गए हैं, अब सब कुछ ठीक है और वे पार्टी के साथ मिलकर आगे बढ़ रहे हैं. इसके अगले दिन शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में थरूर ने कहा, ‘मैं कांग्रेस में हूँ और कहीं नहीं जा रहा. मैं केरल के चुनाव अभियान में पूरी तरह हिस्सा लूंगा और यूडीएफ (संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा) की जीत के लिए काम करूंगा. आगामी केरल विधानसभा चुनाव में मैं कांग्रेस का नेतृत्व करते हुए आगे रहूंगा.’
