रांचीः रांची से दिल्ली जा रहा एक एयर एंबुलेंसझारखंड के चतरा में क्रैश हो गया है. इस एंबुलेंस में एक मरीज, दो क्रू मेबर समेत सात लोग सवार थे.
यह हादसा चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के करमाटांड़ गांव के पास स्थित जंगल में हुआ है.
सोमवार शाम एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से इस मेडिकल विमान का संपर्क टूट गया था. जानकारी के अनुसार रांची से दिल्ली के लिए उड़ा मेडिकल एंबुलेंस एयरक्राफ्ट रडार से गायब हो गया.
इस हादसे में कितने लोगों की जान गई है अथवा वे किन हालात में हैं, आधिकारिक तौर पर जानकारी का इंतजार है.
रांची से दिल्ली जा रहा यह एयर एंबुलेंस एक निजी विमान है. बीचक्राफ्ट (BE9L), रजिस्ट्रेशन VTAJV ने रांची से सोमवार शाम 7:11 बजे उड़ान भरी थी.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने आधिाकरिक बयान के हवाले से बताया है कि रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड बीचक्राफ्ट C90 एयरक्राफ्ट VT-AJV, जो सेक्टर “रांची-दिल्ली” पर मेडिकल इवैक्युएशन (एयर एम्बुलेंस) फ्लाइट ऑपरेट कर रहा था, झारखंड के चतरा जिले के कसारिया में क्रैश हो गया. इसमें दो क्रू मेंबर समेत सात लोग सवार थे.
डीजीसीए ने क्या बताया?
डीजीसीए ने एक बयान में कहा, “23 फरवरी 2026 को रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का बीचक्राफ्ट सी90 विमान वीटी-एजेवी, रांची-दिल्ली मार्ग पर चिकित्सा निकासी (एयर एम्बुलेंस) उड़ान पर था, (लेकिन) यह झारखंड के चतरा जिले की कसरिया पंचायत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
विमान में चालक दल के दो सदस्यों सहित सात लोग सवार थे. विमान ने भारतीय समयानुसार 19:11 बजे रांची से उड़ान भरी. कोलकाता से संपर्क स्थापित होने के बाद, भारतीय समयानुसार 19:34 बजे, विमान का वाराणसी से लगभग 100 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व स्थित कोलकाता से संचार और रडार संपर्क टूट गया.”
कौन लोग थे सवार
एयर एम्बुलेंस में कैप्टन विवेक विकास भगत और कैप्टन सवराजदीप सिंह के अलावा मरीज संजय कुमार, अर्चना देवी, ध्रुव कुमार तथा डॉ. विकास कुमार गुप्ता और पैरामेडिक कर्मी सचिन कुमार मिश्रा भी सवार थे.
मरीज के साथ अर्चना देवी और ध्रुव कुमार की पहचान मरीज के अटेंडेंट के तौर पर की गई है. इस बीच जिला प्रशासन की टीम बचव और राहत के लिए घटना स्थल पर पहुंची है.
