गिरिडीहः आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव रहे जामताड़ा के नेता तरूण गुप्ता बीजेपी में शामिल हो गए हैं. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने उन्हें सदस्यता दिलाई और घर वापसी के लिए स्वागत किया.
गिरिडीह स्थित बाबूलाल मरांडी के घर पर तरूण गुप्ता और उनकते समर्थक पहुंचे थे. इस मौके पर बीजेपी के कई पदाधिकारी मौजूद थे.
इस मौके पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि तरुण कुमार गुप्ता जैसे अनुभवी नेता की वापसी भाजपा के लिए सकारात्मक संकेत है. वे कुछ वर्षों के लिए पार्टी से भले ही अलग हो गए थे, लेकिन अब उनकी घर वापसी हुई है, जो हम सभी के लिए हर्ष का विषय है. उनके जुड़ने से न केवल जामताड़ा बल्कि संथाल परगना क्षेत्र में पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी.
तरूण गुप्ता जामताड़ा से चार बार चुनाव भी लड़ चुके हैं. इसके अलावा वे जामताड़ा जिला 20 सूत्री कार्यक्रम के उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं. बीजेपी में भी उन्होंने लंबे समय तक राजनीति की. लोगों के बीच उनकी पहचान भी रही है. बाद में बीजेपी छोड़कर आजसू में शामिल हो गए थे. 2024 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने आजसू से भी नाता तोड़ लिया था. 2024 का विधानसभा चुनाव वे झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के टिकट पर लड़े, लेकिन हारने के साथ ही निराशजनक प्रदर्शन रहा. बीजेपी ने सीता सोरेन को टिकट दिया था. सीता सोरेन भी चुनाव हार गईं.
भाजपा में पुनः शामिल होने के बाद तरुण कुमार गुप्ता ने कहा, “पार्टी ने जिस भरोसे के साथ मुझे पुनः शामिल किया है, उसे मजबूती से निभाना है. संगठन जो भी दायित्व देगा, उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा और पार्टी को मजबूती प्रदान करूंगा.”
